विंटर ब्रेक




सर्दी अकेली नहीं आती। अपने साथ विंटर ब्रेक, कोहरा, गलन भी लाती है। पहाड़ों पर बर्फ और मैदान पर शीतलहर का राज चलता है। एक चीज और लाती है सर्दी अपने साथ। न्यू ईयर। नये साल के जोश में चूर हम ठंड को ओढ़ते और बिछाते हैं। होटल, रेस्टोरेंट और सड़क पर जश्न मनाते हुए सर्दी का स्वागत करते हैं। सड़क पर ही बहुत से लोगों को कड़कड़ाती सर्दी सीमित कपड़ों और खुले आसमान में गुजारनी होती है। 

चाय, काॅफी पीते और तापते हुए बोलते हैं ऐसी नहीं पड़ी पहले कभी। सर्दी का यह तकियाकलाम अखबारों में रोज रिकाॅर्ड बनाती और तोड़ती हेडलाइन को देखकर दम भरता है। मुझे विंटर ब्रेक का इंतजार औरों की तरह नहीं रहता। मैं पहाड़ों की जगह अपनी रजाई में घूम लेता हूं। मनाली, नैनीताल और मसूरी में गाड़ियों की कतार मुझे अपनी ओर नहीं खींच पाती। क्योंकि पत्नी और बेटे की छुट्टी रहती है और बाहर हम कम ही जाते हैं इसलिए मेरे ड्यूटी कुछ सख्त हो जाती है। रूटीन बेपटरी होने की शुरुआत अलार्म नहीं बजने से होती है। देर से सोना और सुबह जब मन करे उठना यह एैब इंसान को बर्बाद कर सकता है। दुनिया से काट देता है। 

सर्दी बच्चों को बेकाबू होने की छूट देती है। नहाने में किनमिन करना, ब्रश करना भूल जाना, दिनभर डिवाइसों में गुम रहना, खाने में चिड़चिड़ापन वगैरह। बड़े रजाई और कंबलों की शरण में होते हैं तो बच्चे एक बार मांद से बाहर निकले तो दोबारा घुसाना मुश्किल। नंगे पैर दिनभर फर्श पर इधर से उधर इस कमरे से उस कमरे। सिंक पर हाथ धुलने में पानी को आस्तीन में घुसा लेना उनका फेवरेट काम है। काम उनसे आप करा नहीं सकते। विंटर ब्रेक का बहाना जैसे उन्हें प्रोटेक्ट करने के लिए बना है। स्कूल के पोर्टल या डायरी में होमवर्क होता नहीं है इसलिए पढ़ने की जोर आजमाइश होने से रही। पैरेंट्स का दिन खाना, चाय बनाने पीने, पानी गरम करने और फेसबुक, नेटफिल्क्स, व्हाट्सएप देखने में गुजरता है। दिनभर कपड़ों को समेटना, उनकी तह करना, इनर व शॉक्स की खोजबीन होती रहती है। मूंगफली, तिलस्करी खाना, गाजर का हलवा व सरसों का साग बनाना कुछ जरूरी काम हैं सर्दियों में करने के। इन्हें बार बार किए बिना सर्दी जाती नहीं। अदरक, काली मिर्च और लोंग कूटना पूरे दिन रसोई में चलता ही है। विंटर ब्रेक में गजेट्स को क्रैक होने से बचाना भी एक काम है। रजाई या कंबल की किस सलवट को खोलने में वह फर्श को चूम ले यह भी देखना होता है। हीटर, गीजर के अलावा स्क्रीन गार्ड का बाजार भी विंटर ब्रेक में गरम रहता है।


मेरी किताब का लिंक 
https://amzn.eu/d/0rABqZz

विपिन धनकड़ 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भाषाओं के बढ़े भाव, संस्कृत निकलेगी श्लोकों से बाहर

हमे तो लूट लिया मास्क वालों ने